रूस के पूर्वी कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार सुबह 8.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसे USGS ने दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप बताया। इसका केंद्र जमीन से 19.3 किमी गहराई में था। रॉयटर्स के अनुसार, कामचटका में 4 मीटर ऊंची सुनामी उठी, जिससे इमारतों को नुकसान हुआ और एक किंडरगार्टन भी क्षतिग्रस्त हुआ।



सुनामी का खतरा प्रशांत महासागर के कई देशों तक फैल गया है। जापान में 20 लाख लोगों को निकाला गया और फुकुशिमा परमाणु संयंत्र खाली कराया गया। वहां 30-50 सेमी ऊंची लहरें तट से टकरा चुकी हैं। अमेरिका के हवाई और अलास्का में अलर्ट जारी है, जबकि कैलिफोर्निया, पेरू, इक्वाडोर, चीन, फिलीपींस, इंडोनेशिया और न्यूजीलैंड सहित 12 से अधिक देशों में चेतावनी दी गई है।

अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र के अनुसार, कुछ इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं। हवाई, जापान और रूस में तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। कई जगह हवाई यातायात और फेरी सेवाएं रोक दी गई हैं।
