CM Mohan Yadav in Spain: MP-बार्सिलोना का संबंध हुआ मजबूत…एफसी बार्सिलोना निखार सकती है एमपी में खेल प्रतिभा

कैटालोनिया सरकार के यूरोपीय संघ एवं विदेश मामलों के मंत्री जैम डच गुइलोट ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत और रणनीतिक सहयोग की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे विश्व की आवश्यकता है जो फिर से अंतर्राष्ट्रीय नियमों के आधार पर स्थापित हो। इस दृष्टिकोण से, विश्व व्यापार संगठन (WTO) की भूमिका भविष्य में भी उतनी ही महत्वपूर्ण होनी चाहिए जितनी वह अतीत में रही है। श्री जैम ने भारत और यूरोपीय संघ को दो क्षेत्रीय शक्तियों के रूप में परिभाषित करते हुए कहा कि दोनों के बीच बहुपक्षीय विषयों पर करीबी सहयोग की दिशा में ठोस कदम बढ़ाने की आवश्यकता है।

निवेश और औद्योगिक सहयोग के लिए आमंत्रण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैटलोनिया की अग्रणी कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए आमंत्रण दिया। उन्होंने प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और युवा शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सही समय है जब यूरोपीय कंपनियाँ मध्यप्रदेश को अपने निवेश गंतव्य के रूप में देखें।

खेल, पर्यटन और संस्कृति में साझेदारी के नए आयाम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन जैसे संगठनों के साथ मिलकर खेल, नेतृत्व और जीवन कौशल पर आधारित कार्यक्रमों की साझेदारी की संभावनाएं साझा कीं। साथ ही मध्यप्रदेश के विश्व धरोहर स्थलों साँची, खजुराहो और भीमबेटका को यूरोप में प्रमोट करने के लिए संयुक्त पर्यटन अभियान पर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी सुझाव दिया कि दोनों सरकारें प्रदर्शन कला, सिनेमा, साहित्य और संग्रहालयों के माध्यम से सांस्कृतिक संवाद को और सशक्त बनाएं।

तकनीकी सहयोग और नीति-स्तरीय समन्वय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्मार्ट सिटी, ग्रीन बिल्डिंग्स और शहरी परिवहन में कैटलोनिया की विशेषज्ञता का लाभ लेने के लिए तकनीकी सहयोग प्रस्तावित किया। उन्होंने दोनों सरकारों के बीच एक संयुक्त कार्य समूह गठित करने की बात कही, जो प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर उन्हें लागू करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की सशक्त उपस्थिति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मुलाकात को प्रदेश की वैश्विक रणनीति का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब निवेश, शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए तैयार है और स्पेन यात्रा प्रदेश के विकास में नए अध्याय जोड़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस यात्रा को उन्होंने भारत विशेषकर मध्यप्रदेश के साथ गहरे आर्थिक एवं सामाजिक संबंधों के एक अवसर के रूप में देखा। श्री गुइलोट ने यह भी कहा कि भारत और यूरोपीय संघ को एक नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को बनाए रखने और वैश्विक स्थिरता को बढ़ावा देने में संयुक्त भूमिका निभानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *