सक्ती। बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेल्हाडीह से पिछले 25 दिनों से लापता नाबालिग बालक को पुलिस ने ओडिशा के बालेश्वर से सकुशल ढूंढ निकाला है। पुलिस की इस तत्परता से बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना बाराद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
गौरतलब है कि थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 239/26, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बाराद्वार थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर ओडिशा भेजी गई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और समन्वय स्थापित करते हुए नाबालिग बालक को बालेश्वर (ओडिशा) से सकुशल बरामद कर लिया।
थाना लाकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी सफलता और सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव (थाना प्रभारी), प्रधान आरक्षक अयूब खान तथा आरक्षक जितेंद्र सिदार का उल्लेखनीय योगदान रहा।