गरियाबंद। गुरुवार 23 जुलाई को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला गरियाबंद का कार्यकारिणी परिचायक एवं मिलन समारोह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार पिछड़ा वर्ग समाज की उपेक्षा की है।

भाजपा सर्वसमावेशी विचारधारा की पार्टी
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित इस समारोह में उपस्थित ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों को संबोधित करते हुए चंदूलाल साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी विचारधारा की पार्टी है। इसमें ना कोई छोटा है और ना ही कोई बड़ा, इसीलिए पार्टी में सभी को साथ लेकर चलने के विचार के साथ विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। भाजपा ने लगातार पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए प्रयास किया है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा इस वर्ग को नजरअंदाज किया।
मोदी सरकार में मिला पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक अधिकार
अपने उद्बोधन में चंदूलाल साहू ने 1931 की जातिगत जनगणना से लेकर 1947 में आजादी के बाद से अब तक पिछड़ा वर्ग के संघर्षों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद 2017 में पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया, जिसे पूर्ण संवैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ। आज लगभग सभी क्षेत्रों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल रहा है।

बूथ स्तर पर भाजपा को मजबूत करने में ओबीसी मोर्चा का बड़ा योगदान
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू ने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद नवगठित ओबीसी मोर्चा की पहली बैठक में कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति उत्साहवर्धक है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता मुरलीधर सिन्हा ने कहा कि भाजपा को बूथ स्तर तक ले जाने में ओबीसी मोर्चा का बहुत बड़ा योगदान है। पूर्व राजिम विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा कि भारत का वैभव बढ़ाने में भारतीय जनता पार्टी की भूमिका के साथ ओबीसी मोर्चा का योगदान भी सराहनीय रहा है।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष शोभाचंद्र पात्र ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया, वहीं जिला प्रभारी लक्ष्मण गौतम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर नरोत्तम साहू, खूबचंद साहू, थान सिंह निषाद, जय राम साहू, धनराज विश्वकर्मा, जीवन साहू सहित जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।