Rajnandgaon School bus Accident : राजनंदगांव/मानपुर। छत्तीसगढ़ के मानपुर विकासखंड अंतर्गत खडग़ांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्ष की मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना उस वक्त हुई जब मासूम युवानसी नरेटी अपने परिजनों के साथ अपने बड़े भाई को स्कूल बस तक छोड़ने आई थी। भाई के बस में सवार होते ही ड्राइवर ने वाहन को रिवर्स लिया, जिसकी चपेट में आने से मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल से ड्राइवर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के तुरंत बाद फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।
5 लाख मुआवजे के आश्वासन पर खुला जाम
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता और पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर स्कूल बस को खड़गांव थाने में जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।