राजनांदगांव। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिले के विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न विभागीय अभियानों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय में जांच के दौरान एक मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने का मामला सामने आने पर कलेक्टर के कड़े रुख के बाद सिविल सर्जन ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही, मानसून को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, जनदर्शन, सुशासन तिहार, पीजीएन और पीजी पोर्टल पर लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सभी आवेदनों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। इसके अलावा, स्कूलों में पढ़ रहे सभी विद्यार्थियों का आधार सत्यापन कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि इस वर्ष किसानों ने डीएपी के स्थान पर एनपीके उर्वरक का अधिक उठाव किया है, जिससे संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है। जिले में अब तक 1 लाख 47 हजार 36 किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन हो चुका है। कलेक्टर ने शेष किसानों का पंजीयन जल्द पूरा करने को कहा ताकि उन्हें विशिष्ट किसान आईडी का लाभ मिल सके।
गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिले की 6 हजार 508 किशोरी बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग को स्कूलवार रोस्टर तैयार कर इस अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 4 हजार 164 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 4 हजार 647 शहरी पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु ऋण प्रदान किया गया है। कलेक्टर ने दोनों योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।
इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।