मालखरौदा में स्कूल बच्चों ने किया चक्काजाम: शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर बैठे छात्र, आवागमन बाधित

शिक्षकों की कमी से नाराज बच्चों ने रोका रास्ता सक्ती जिले के मालखरौदा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल मालखरौदा के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी से नाराज होकर सड़क पर मोर्चा खोल दिया है। अपनी पढ़ाई प्रभावित होने से आक्रोशित बच्चों ने एसडीएम कार्यालय के सामने वीरभाठा-मालखरौदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। स्कूली बच्चे सड़क के बीचों-बीच दरी बिछाकर बैठ गए हैं, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

“जब तक शिक्षक नहीं मिलेंगे, तब तक नहीं हटेंगे” सड़क पर प्रदर्शन कर रहे स्कूली बच्चों का साफ कहना है कि उनके स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। इसके चलते उनकी नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है और उनका भविष्य अंधकार में है। बच्चों ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक स्कूल में नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाएगी, तब तक वे सड़क से नहीं उठेंगे और उनका यह चक्काजाम आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचने की तैयारी में सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचने की तैयारी में हैं। बच्चों को समझाने और सड़क से जाम हटाने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

बाइट: स्कूली छात्रा

“हमारे स्कूल में शिक्षक नहीं हैं, जिसके कारण हमारी रोजाना की पढ़ाई पूरी तरह से रुकी हुई है। हमने कई बार मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब तक प्रशासन हमारे स्कूल में नए टीचरों की ड्यूटी नहीं लगाएगा, हम सड़क से नहीं हटेंगे और हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *