पंजाब के मोहाली में आज सुबह सनसनी फैल गई। जिले के 6 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी प्रभावित स्कूलों को खाली कराकर बंद कर दिया गया है।
फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल को सुबह करीब 9 बजे धमकी भरा ईमेल मिला। स्कूल कोआर्डिनेटर ने बताया कि उस वक्त कक्षाओं में पढ़ाई चल रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा कारणों से छात्रों के अभिभावकों को तुरंत सूचना देकर बच्चों को घर बुला लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था और आतंकी धमकी का कनेक्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी पंजाब दौरे को देखते हुए यह घटना बेहद गंभीर मानी जा रही है। खुफिया एजेंसियां इसे सुरक्षा में बड़ी चूक के नजरिए से देख रही हैं। गौरतलब है कि आतंकी पन्नू ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया था। इसमें दिल्ली जाने वाली ट्रेन के स्लीपर कोच में खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। अब इन धमकियों के पीछे के लिंक को तलाशने के लिए जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।