जिनजियांग फैक्ट्री हादसा: 28 की मौत, क्या आग के पीछे है कोई बड़ी चूक?

चीन के पूर्वी हिस्से में स्थित फ़ुजियान प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां जूतों की एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 28 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। आग ने इतनी विकराल रूप ले लिया था कि पूरी इमारत धुएं और लपटों में घिर गई।

दोपहर में लगी आग

चीनी समाचार एजेंसी के अनुसार, यह घटना जिनजियांग शहर की है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजकर 4 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगी। देखते ही देखते आग ने कई मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। वहां से उठने वाला घना काला धुआं आसमान में दूर तक देखा गया। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए छत पर फंसे हुए दिखाई दिए।

बचाव कार्य में जुटी टीमें

आग की सूचना मिलते ही 183 बचाव कर्मी और 35 दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। दोपहर तक आग की लपटों पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। फैक्ट्री के अंदर अभी भी कुछ हिस्से इतने गरम हैं कि बचाव दल वहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

शुरुआती जांच में खुलासा

जांच के दौरान सामने आया है कि आग फैक्ट्री की निचली मंजिल यानी ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी। वहां बड़ी मात्रा में जूते बनाने का कच्चा सामान और गोंद रखा हुआ था। इसी वजह से आग पलक झपकते ही पूरी बिल्डिंग में फैल गई। फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला धुआं बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा बन रहा है।

राष्ट्रपति ने दिए सख्त निर्देश

इस घटना पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति ने यह भी कहा है कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटना के कारणों का तेजी से पता लगाने के लिए कहा है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही को रोका जा सके। फिलहाल, अधिकारियों का पूरा ध्यान लापता लोगों की तलाश पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *