कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक बड़ी हलचल देखने को मिली। तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए तीन दिग्गज नेताओं ने पार्टी से किनारा कर लिया है। हाल ही में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले सुखेंदु शेखर राय, प्रकाश चिक बराइक और सुष्मिता देव ने अब भाजपा का दामन थाम लिया है।
भाजपा कार्यालय में हुआ स्वागत
इन तीनों नेताओं ने साल्टलेक स्थित भाजपा के राज्य कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य वहां मौजूद थे। शमिक भट्टाचार्य ने तीनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें भाजपा का झंडा सौंपा। इस घटनाक्रम को बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

राज्यसभा टिकट की चर्चा तेज
भाजपा में शामिल होने के बाद से ही सियासी गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन तीनों नेताओं का भाजपा में शामिल होना केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ी रणनीति है। ऐसी खबरें हैं कि भाजपा इन तीनों नेताओं को जल्द ही राज्यसभा के लिए टिकट दे सकती है।
भाजपा की बढ़ती ताकत
टीएमसी छोड़कर आए इन नेताओं के भाजपा में आने से पार्टी का मनोबल बढ़ा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन नेताओं के आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में इन नेताओं को पार्टी में क्या जिम्मेदारी मिलती है और राज्यसभा चुनाव में भाजपा इन्हें कैसे उतारती है।