करोड़ों की ठगी करने वाला ऐरिना कैपीटल का संचालक योगेश साहू गिरफ्तार, शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफे का दिया था झांसा

रमेश गुप्ता भिलाई। शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफा और राशि दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले ऐरिना कैपीटल के फरार संचालक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ निवेशकों से ठगी के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी योगेश साहू (35 वर्ष) के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 961/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(4) एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

15 लाख के निवेश से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, मैत्री विहार निवासी राजू नामदेव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने तथा कम समय में अधिक लाभ और राशि दोगुनी करने का भरोसा देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में विश्वास कायम रखने के लिए कुछ रकम लाभ के रूप में लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।

कई निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाने का आरोप
विवेचना के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य मिले हैं कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला और स्मृति नगर चौकी में पहले से भी कई प्रकरण दर्ज हैं।
जांच जारी, अन्य पहलुओं की भी पड़ताल

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और निवेशकों से जुड़े वित्तीय लेनदेन सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान कोई अलग से जब्ती नहीं की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंबर भारद्वाज के नेतृत्व में उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह एवं आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *