रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद हृदयविदारक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी मेडिकल स्टोर द्वारा कथित रूप से ‘एक्सपायरी डेट’ (समय-सीमा पार) का मिल्क पाउडर बेचने के कारण एक नवजात बच्ची की जान चली गई। पीड़ित परिवार ने ‘लक्ष्मी मेडिकल हॉल’ पर गंभीर आरोप लगाते हुए मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
जुड़वा बच्चियों में से एक को पिलाया था दूध
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने बीते 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने नवजात शिशुओं के लिए मिल्क पाउडर की पर्ची लिखी थी। 30 जून को पिता ने मेकाहारा गेट के पास स्थित लक्ष्मी मेडिकल हॉल से मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा और घर ले आए।
डॉक्टरों ने डिब्बा देखा तो खुली पोल, ICU में तोड़ा दम
मिल्क पाउडर पीने के बाद 4 जुलाई को अचानक एक बच्ची की तबीयत बेहद बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों का खुलासा:
जब डॉक्टरों ने बच्ची की स्थिति और उसके आहार की जांच की, तब मिल्क पाउडर के डिब्बे पर नजर पड़ी। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि डिब्बे पर अंकित एक्सपायरी डेट निकल चुकी है और यही एक्सपायरी दूध पीने से बच्ची इंफेक्शन का शिकार हुई है।
अफ़सोस, दो दिनों तक वेंटिलेटर और आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद आज 5 जुलाई को मासूम ने दम तोड़ दिया।
मेडिकल स्टोर पर हंगामा, ‘सबूत’ छीनने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जब वे एक्सपायरी डेट की शिकायत लेकर लक्ष्मी मेडिकल हॉल पहुंचे, तो वहां जमकर हंगामा हुआ। आरोप के मुताबिक, मेडिकल स्टोर संचालक ने चालाकी दिखाते हुए पीड़ित के हाथ से वह एक्सपायरी डिब्बा छीन लिया और साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसकी जगह दूसरा डिब्बा थमा दिया।
पुलिस एक्शन: CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश, CMHO को लिखा पत्र
मासूम की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में तत्परता दिखाते हुए थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने:
लक्ष्मी मेडिकल हॉल के संचालक को CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का कड़ा नोटिस जारी किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को पत्र लिखकर इस पूरे मामले और मेडिकल स्टोर के स्टॉक की जांच करने को कहा है।
इस घटना के बाद से कन्नौजे परिवार गहरे सदमे में है और दोषियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।