छत्तीसगढ़ में 1 करोड़ की टैक्स चोरी! बिस्किट से लेकर पोल्ट्री कारोबार तक GST की रेड

रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की विशेष टीम ने पिछले एक सप्ताह से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाकर बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की गतिविधियों की पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और व्यापार कर रहे थे, लेकिन या तो नियमित रूप से जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में बेहद कम टर्नओवर दर्शा रहे थे।

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि कई फैक्ट्रियां ऊंची चारदीवारी और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी और कर्मचारियों को भी कारोबारी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कई वाहनों पर पहचान संबंधी जानकारी नहीं थी और कुछ मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल का परिवहन किया जा रहा था। जीएसटी विभाग ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले कई दिनों तक संबंधित क्षेत्रों में गोपनीय निगरानी अभियान चलाया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी कानून में हाल ही में किए गए संशोधनों के बाद कर चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में सख्ती बढ़ाई गई है। बार-बार कर चोरी करने या फर्जी दस्तावेजों के जरिए टैक्स बचाने वाले कारोबारियों के खिलाफ गैर-जमानती अपराध के प्रावधान भी लागू किए जा सकते हैं। स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संचालित उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। प्रारंभिक जांच में ही लाखों रुपये की कर चोरी उजागर हुई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *