डायल 112 के चालक के साथ ग्रामीणों को मारपीट करना पड़ा भारी पुलिस ने नगर में निकला जुलूस

लोकेशन – प्रतापपुर
रिपोर्टर – राजा खान

प्रतापपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव में शुक्रवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जब पुलिस टीम दोबारा घटनास्थल पर लौटी, तो वहां मौजूद गुस्साए ग्रामीणों ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग और ट्रक को रोकने की वजह से ही यह हादसा हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो और वाहन चालक के साथ जमकर मारपीट कर दी। इसके बाद भी जब लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने सड़क पर खड़े ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

इस पूरे बवाल और पुलिस टीम पर हमले के मामले में प्रतापपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 उपद्रवी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी गिरफ्तार आरोपियों का प्रतापपुर नगर के बीचो-बीच पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान कानून का खौफ साफ तौर पर देखने को मिला, जहां जुलूस में शामिल आरोपी हाथ जोड़कर “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” के नारे लगाते नजर आए।

इस मामले में प्रतापपुर एसडीओपी (SDOP) अनूप एक्का ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *