चीन और जापान में भूकंप के तेज झटके: किंघाई प्रांत में 40 मिनट में आए 8 झटके, 1 की मौत; जापान में भी कांपी धरती

एशिया के दो बड़े देशों, चीन और जापान में मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। चीन के नॉर्थ-वेस्ट क्षेत्र के किंघाई प्रांत में कुदरत का बड़ा कहर देखने को मिला, जहां महज 40 मिनट के भीतर बैक-टू-बैक भूकंप के 8 झटके महसूस किए गए। इनमें सबसे शक्तिशाली झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई। इस प्राकृतिक आपदा में शुरुआती तौर पर एक व्यक्ति की मौत और 4 लोगों के घायल होने की खबर है। दूसरी तरफ, जापान के इबाराकी प्रांत में भी 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है।

चीन में 40 मिनट में हिली 8 बार धरती, खदानें कराई गईं खाली

चीन की सरकारी मीडिया ‘ग्लोबल टाइम्स’ के मुताबिक, किंघाई प्रांत में मंगलवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6:40 बजे भूकंप का पहला झटका लगा। भूकंप का केंद्र प्रांत की राजधानी शियांग से करीब 567 किलोमीटर दूर और जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। 40 मिनट के भीतर आए 8 झटकों के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया है। एहतियात के तौर पर भूकंप क्षेत्र के पास स्थित कोयला खदानों में काम बंद कराकर मजदूरों को सुरक्षित बाहर बुला लिया गया है। सरकार अभी जान-माल के नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटी है।

राहत और बचाव कार्य शुरू, तिब्बती पठार के पास है इलाका

भूकंप की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू कर दिया है। शुरुआती मदद के तौर पर 2 स्पेशल गाड़ियां और 10 सदस्यीय आपातकालीन दल को मौके पर भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान की पूरी रिपोर्ट आने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

भूवैज्ञानिकों के अनुसार, किंघाई प्रांत का यह इलाका तिब्बती पठार के किनारे स्थित है। यह क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन विवर्तनिक प्लेटों (Tectonic Plates) के आपसी टकराव के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। इस इलाके में भूकंप आना सामान्य है, लेकिन इतनी कम देर में 8 झटके आना चिंता का विषय है।

जापान के इबाराकी प्रांत में भी आया 5.5 तीव्रता का भूकंप

चीन के अलावा मंगलवार को जापान में भी धरती कांपी। जापान मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देश के इबाराकी प्रांत में स्थानीय समयानुसार शाम 7:46 बजे 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इस भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 50 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, जापान में अभी तक किसी बड़े नुकसान या सुनामी के अलर्ट की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *