आज दिनांक 16 जून 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चारामा के विद्युतकार व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों को औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राचार्य श्रीमती विजया मंडावी के निर्देशन में प्रशिक्षण अधिकारी श्री शोभा राम घृतलहरे के नेतृत्व में विद्युत वितरण उपकेंद्र चारामा का औद्योगिक भ्रमण कराया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के सहायक यंत्री श्री ललित सिंह टेकाम के मार्गदर्शन में कनिष्ठ यंत्री श्री जय गोपाल कंवर एवं लाइनमैन श्रीराम यादव द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को विद्युत वितरण प्रणाली, 33/11 केवी उपकेंद्र की कार्यप्रणाली, ट्रांसफार्मर, स्विचगियर, कंट्रोल पैनल, सुरक्षा उपकरणों तथा विद्युत आपूर्ति एवं रखरखाव संबंधी तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षणार्थियों को विद्युत उपकेंद्र में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों एवं कार्य प्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन भी कराया गया तथा उनके प्रश्नों का समाधान किया गया।
इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को पाठ्यक्रम के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ना तथा विद्युत क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। प्रशिक्षणार्थियों ने भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से प्रशिक्षणार्थियों के तकनीकी कौशल, व्यावसायिक दक्षता एवं रोजगार क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम का सफल संचालन आईटीआई एवं वितरण केंद्र चारामा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।