भाटापारा को मिली विकास, संस्कृति और राष्ट्रगौरव की नई सौगात

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया नवनिर्मित ऑडिटोरियम, छत्तीसगढ़ महतारी चौक एवं शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर का लोकार्पण, विभिन्न विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

राजकुमार मल

भाटापारा- नगर के विकास, सांस्कृतिक उन्नयन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाले अनेक महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह आज उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव,जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल,प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता,राजीव सिंह, टेसुलाल धुरंधर,राकेश तिवारी,समस्त पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यों के साथ किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित ऑडिटोरियम की सौगात मिली,जो भविष्य में सामाजिक,सांस्कृतिक, साहित्यिक,शैक्षणिक एवं सार्वजनिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह ऑडिटोरियम नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विभिन्न गतिविधियों के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा।

इसके साथ ही नगर में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन कार्यों के माध्यम से अधोसंरचना विकास,नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन विकास कार्यों से नगर के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा भाटापारा को एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर का लोकार्पण भी किया गया। यह परिसर राष्ट्रसेवा, साहस, त्याग एवं बलिदान की अमर गाथा का प्रतीक बनकर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करेगा। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है तथा ऐसे स्मारक राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।साथ ही शहीद परिवार से आये परिवार जनों का सम्मान किया गया।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ महतारी चौक का लोकार्पण भी संपन्न हुआ। यह चौक छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, लोक परंपराओं, मातृभूमि के प्रति सम्मान एवं क्षेत्रीय अस्मिता का प्रतीक बनकर नगर की सुंदरता और पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। अतिथियों ने इसे छत्तीसगढ़ी संस्कृति और गौरव का जीवंत प्रतीक बताया।

डॉ. रमन सिंह (विधानसभा अध्यक्ष)

“भाटापारा में आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ है, वे केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। ऑडिटोरियम,महतारी चौक एवं शहीद परिसर जैसे निर्माण कार्य सामाजिक चेतना,सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।”

टंकराम वर्मा (कैबिनेट मंत्री)

“राज्य सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भाटापारा को मिली ये महत्वपूर्ण सौगातें नगर के विकास को नई गति प्रदान करेंगी। आने वाले समय में इन परियोजनाओं का लाभ हजारों नागरिकों को मिलेगा और क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।”

शिवरतन शर्मा (पूर्व विधायक)

“भाटापारा नगर लगातार विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है, वे नगर की पहचान को और अधिक मजबूत करेंगी। आधुनिक ऑडिटोरियम, शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर एवं छत्तीसगढ़ महतारी चौक जैसे निर्माण कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा एवं सुविधा के केंद्र बनेंगे।”

अश्वनी शर्मा (नगर पालिका अध्यक्ष)

“भाटापारा नगर के सर्वांगीण विकास के लिए नगर पालिका परिषद निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनभावनाओं के अनुरूप किए जा रहे ये विकास कार्य नगर को आधुनिक, व्यवस्थित एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आज नगरवासियों को विकास, संस्कृति और राष्ट्रगौरव से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों की सौगात मिली है। आने वाले समय में भी नगरहित में ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भाटापारा के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रकट कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *