नैतिकता से बड़ा कोई बल नहीं होता, जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत करना पुलिस की जिम्मेदारी: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में वर्ष 2021 एवं 2024 बैच के 33 प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) के बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि समाज की सेवा और एक बड़ी जिम्मेदारी है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर ही यह मुकाम हासिल होता है।

इस गरिमामय समारोह में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) दीपांशु काबरा, अकादमी के महानिदेशक अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनिया उके सहित अकादमी के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

पुलिस पर कानून का पालन कराने और समाज की रक्षा की जिम्मेदारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि नैतिकता से बड़ा कोई बल नहीं होता है। आज के आधुनिक समाज की आवश्यकताओं को समझकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की जरूरत है। पुलिस केवल कानून का पालन कराने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज की रक्षा करने वाली एक शक्ति है। हमारा उद्देश्य न केवल अपराध को रोकना है, बल्कि जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करना है।

नागरिकों को सुरक्षा और न्याय दिलाना ही पुलिस की पहचान

विजय शर्मा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस की असली पहचान राज्य के हर नागरिक को सुरक्षा और न्याय दिलाना है। आज के दौर में पुलिसिंग केवल शारीरिक साहस तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसमें आधुनिक तकनीकों का उपयोग, साइबर अपराधों से निपटने की दक्षता और सामुदायिक जुड़ाव भी बेहद आवश्यक है।

राष्ट्र और समाज सेवा का बड़ा दायित्व

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि आज से आपका जीवन केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और कानून के शासन को सुदृढ़ करने के महान दायित्व से जुड़ रहा है। वहीं अकादमी के निदेशक अजय यादव ने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल 33 प्रशिक्षु डीएसपी में से अधिकांश अधिकारियों ने इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने 2 वर्षों तक चलने वाले इस विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा भी सामने रखी।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परिसर में नीम के पौधे का रोपण किया। साथ ही वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और प्रशिक्षु डीएसपी द्वारा 100 अन्य पौधों का वृक्षारोपण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *