दांबुला, भारत और श्रीलंका की युवा टीमों के बीच खेली जा रही क्रिकेट ट्राई सीरीज में सोमवार को एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका-ए ने इंडिया-ए को सुपर ओवर में हरा दिया। इस करीबी हार के बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

प्रेशर नहीं झेल सकी इंडिया-ए
नियमित मैच टाई होने के बाद फैसला सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर यानी मुख्य मैच बराबरी पर छूटने के बाद नतीजा निकालने के लिए खेला जाने वाला एक-एक ओवर का खेल। श्रीलंका-ए ने पहले बैटिंग करते हुए सुपर ओवर में 16 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 17 रनों का टारगेट मिला। इंडिया-ए की ओर से लक्ष्य का पीछा करने के लिए सूर्यांश शेडगे और 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरे। श्रीलंका की तरफ से कुगाथास मथुलन ने गेंदबाजी संभाली।
भारतीय बल्लेबाज इस ओवर में जरूरी रन नहीं बना सके। पहली गेंद पर सूर्यांश शेडगे ने दो रन लिए, लेकिन दूसरी गेंद खाली चली गई। तीसरी गेंद पर एक रन बना और स्ट्राइक वैभव को मिली। चौथी गेंद पर वैभव सिर्फ दो रन ही बना सके जिससे दबाव बढ़ गया। पांचवीं गेंद पर वैभव ने चौका जड़ा, लेकिन आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बन पाया। भारतीय टीम छह गेंदों में केवल 10 रन ही बना सकी।
जीत के बाद मैदान पर भिड़े खिलाड़ी
श्रीलंका-ए की इस रोमांचक जीत के बाद मैदान पर अचानक माहौल गर्म हो गया। जैसे ही श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू किया, किसी बात को लेकर भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी नाराज हो गए। देखते ही देखते उनकी श्रीलंका के एक फील्डर के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख सूर्यांश शेडगे तुरंत आगे आए और उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी वैभव को पीछे खींचकर शांत कराया। हालांकि, वैभव काफी गुस्से में दिखे और मैदान छोड़ने के मूड में नहीं थे। बाद में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामले को शांत किया।
शेडगे और विप्रज की मेहनत पर फिरा पानी
इससे पहले, श्रीलंका-ए ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। इंडिया-ए ने पहले बैटिंग करते हुए 49.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर 265 रनों का मजबूत स्कोर बनाया था। भारत के लिए सूर्यांश शेडगे ने शानदार 72 रन बनाए, जबकि निचले क्रम में विप्रज निगम ने बेहतरीन 51 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला। हालांकि, ओपनर वैभव सूर्यवंशी मुख्य मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर सके और सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका-ए की ओर से विजयकांत व्यासकांत और मोहम्मद शिराज ने तीन-तीन विकेट चटकाए।