भिलाई में डार्क और लाइट ग्रीन रंग को लेकर खूनी जंग: कटर से पेट और चेहरा रेता, हालत गंभीर!

रमेश गुप्ता भिलाई। मोहर्रम पर्व की तैयारियों के दौरान इमामबाड़ा की दीवारों पर रंग-रोगन कराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर कटर से हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। मामले में भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 स्थित शेर-ए-इस्लाम अखाड़ा सड़क निवासी मोहम्मद इजहार खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह इमामबाड़ा समिति का सदस्य है। आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों के तहत 14 जून की सुबह करीब 9.20 बजे वह इमामबाड़ा मैदान के पास समिति के सदस्य वसीम परवेज उर्फ राजा के साथ इमामबाड़ा की दीवारों पर रंग-रोगन कराने संबंधी चर्चा कर रहा था।
शिकायत के मुताबिक इजहार खान दीवारों पर हल्का हरा (लाइट ग्रीन) रंग कराने के पक्ष में था, जबकि वसीम परवेज गहरा हरा (डार्क ग्रीन) रंग कराने की बात कह रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कटर से हमले का आरोप
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि विवाद बढ़ने पर वसीम परवेज ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास मौजूद कटर से हमला कर दिया। हमले में उसके पेट के बाएं हिस्से और चेहरे के बाएं गाल पर चोटें आईं।घायल का कहना है कि वह मौके से हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद मौजूद लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी वसीम परवेज उर्फ राजा के खिलाफ अपराध क्रमांक 323/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर उठे अन्य सवाल
घटना के बाद क्षेत्र के कुछ लोगों ने आरोपी द्वारा सेक्टर-6 स्थित बीएसपी आवासीय क्षेत्र से टेंट हाउस संचालन किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित गतिविधियों एवं आवासीय परिसर में व्यवसाय संचालन से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जानी चाहिए।
इस संबंध में भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि अपराध पंजीकृत कर आरोपी की तलाश की जा रही है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *