छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से, सचिवालय ने जारी की अधिसूचना

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान हो गया है। इस साल का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा, जो 17 जुलाई तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। पांच दिनों तक चलने वाले इस संक्षिप्त सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी, जिसमें प्रदेश से जुड़े कई अहम और ज्वलंत मुद्दों पर गरमागरम बहस होने के आसार हैं।

मानसून के ठीक वक्त पर शुरू हो रहे इस सत्र में खेती-किसानी से जुड़े मुद्दे छाए रहने की उम्मीद है। प्रदेश में खाद और बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, समर्थन मूल्य और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। इसके अलावा बारिश के मौसम में सड़कों की बदहाली, पेयजल संकट, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सदन में हंगामा होने की पूरी संभावना है।

विपक्ष ने बनाई घेरने की रणनीति, सरकार भी तैयार सत्र की अवधि भले ही पांच दिनों की है, लेकिन विपक्ष ने जनहित और समसामयिक मुद्दों को लेकर सरकार को चौतरफा घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। खासकर किसानों की समस्याओं को लेकर विपक्ष सदन में आक्रामक रुख अपना सकता है। दूसरी तरफ, सत्ता पक्ष भी विपक्ष के हर हमले का जवाब देने और अपने विभागों के कामकाज व जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को मजबूती से सदन के सामने रखने की तैयारी में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *