चारामा/कांकेर। सरकारी विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उत्तर बस्तर कांकेर के पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (IPS) के कड़े निर्देशन में चारामा पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 17 लाख रुपये मूल्य का सामान और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
कलेक्टोरेट और पुलिस में भर्ती का देते थे झांसा
मामले की जानकारी देते हुए चारामा थाना पुलिस ने बताया कि उड़कुड़ा निवासी प्रार्थी यादेश कुमार साहू (25 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी कैलाश साहू (निवासी हटकाचारामा) और उसकी महिला सहयोगी तरूणा निषाद ने खुद की ऊंची पहुंच का हवाला देकर पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने वर्ष 2024 में पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में कुल ₹1,76,980 ठग लिए। राशि लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी और न ही पैसे वापस मिले, तब पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक संगठित और सुनियोजित नेटवर्क बनाकर कांकेर समेत कई अन्य जिलों के बेरोजगार युवाओं को पुलिस विभाग, कलेक्टोरेट, स्वास्थ्य विभाग और अन्य शासकीय विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी मात्रा में धनराशि ऐंठी है।
ठगी के पैसों से बनाया आलीशान मकान, संचालित करता था साइबर ट्रेनिंग सेंटर
पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जब आरोपी कैलाश साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह www.jkscyber.com नाम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन ट्रेनिंग सेंटर संचालित करता था। ठगी की रकम का इस्तेमाल उसने अलबेलापारा (कांकेर) में अपने आलीशान मकान के निर्माण, महंगे फर्नीचर और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने में किया है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी कैलाश साहू एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में ठगी और धोखाधड़ी के गंभीर मामले दर्ज हैं:
थाना कांकेर: अपराध क्रमांक 359/2017 (धारा 420, 34 भादवि)
थाना कांकेर: अपराध क्रमांक 193/2026 (धारा 420 भादवि)
थाना कुरूद: अपराध क्रमांक 846/2023 (धारा 420, 419, 384, 365, 342, 120-बी, 457 भादवि)
पुलिस ने बरामद की ₹17 लाख की संपत्ति
चारामा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है:
इलेक्ट्रॉनिक्स: 6 कंप्यूटर सेट, 3 मॉनिटर, 3 एलईडी टीवी (43 इंच), 4 टेलीफोन सेट, 2 वॉकी-टॉकी, 1 एसी, 1 फ्रिज और 1 मोबाइल फोन।
सुरक्षा उपकरण: 1 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और 1 नोट गिनने की मशीन।
फर्नीचर व ज्वेलरी: 2 सोफा सेट, सोने की अंगूठी, चांदी की चेन व अन्य घरेलू सामान (कीमत लगभग ₹5 लाख)।
अन्य सामग्री: ‘एग्रो प्लस’ जैविक खाद के 72 कार्टून (कीमत लगभग ₹12 लाख)।
इन अधिकारियों की कप्तानी में मिली सफलता
इस बड़ी कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल, श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। इस सराहनीय कार्य में चारामा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, साइबर प्रभारी यशवंत श्याम, उप निरीक्षक रूपेन्द्र पटेल, उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत कुमार, एएसआई भकेष पटेल, प्रधान आरक्षक सचिन सोरी, आरक्षक तरुण सिन्हा, फगनू, रामरतन निषाद और जितेन्द्र नाग की मुख्य भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की आम जनता से अपील
उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शासकीय विभागों में भर्तियां केवल निर्धारित नियमों और मेरिट के आधार पर होती हैं। किसी भी बिचौलिए या ठग के झांसे में न आएं। यदि कोई भी व्यक्ति नौकरी लगाने के नाम पर पैसों की मांग करता है, तो तुरंत अपने नजदीकी थाने या कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर: 94791 55125 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
रिपोर्ट: अनूप वर्मा, संवाददाता (जनधारा), चारामा