शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध चर्च निर्माण को ग्रामीणों ने किया ध्वस्त, धर्मांतरण के प्रयासों का भी आरोप

सोनहत, कोरिया। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड स्थित धुम्माडाड क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासकीय भूमि पर किए जा रहे एक अवैध चर्च के निर्माण को गिरा दिया। बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य रूपेंद्र काशी और उनके सहयोगियों द्वारा किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही ‘आज की जनधरा’ की टीम मौके पर पहुंची। वहां भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। सोनहत ग्राम पंचायत के उप सरपंच राजेश कुमार गुप्ता, सलगांवकला के उप सरपंच आशीष जयसवाल, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, राकेश तिवारी व दिनेश मारिक सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।

बीजेपी युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनोज साहू ने इस कार्रवाई के पीछे के कारणों को स्पष्ट करते हुए कहा कि, “यह निर्माण कार्य पूरी तरह से अवैध है और शासकीय जमीन पर कब्जा करके किया जा रहा था। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से इस निर्माण को रोकने का निर्णय लिया और खड़े किए गए ढांचे को ध्वस्त कर दिया है।”

मनोज साहू ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि, यह क्षेत्र लंबे समय से धर्मांतरण की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। गरीब और भोले-भाले आदिवासी लोगों को बहला-फुसलाकर उनका धर्मांतरण करवाया जा रहा था। हम इस पूरे मामले की शिकायत कर रहे हैं और धर्मांतरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करवाएंगे।”

प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *