छत्तीसगढ़ में हादसों का काला दिन, सड़क, फैक्ट्री और ट्रेन दुर्घटनाओं में 7 लोगों की मौत

रायपुर/कोरबा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार का दिन हादसों से भरा रहा। रायपुर, कोरबा और सूरजपुर जिले में अलग-अलग दुर्घटनाओं में 7 लोगों की मौत हो गई। कहीं तेज रफ्तार ने जान ले ली तो कहीं फैक्ट्री में लापरवाही भारी पड़ गई। हादसों में 6 पुरुष और 1 महिला की जान गई है।

सड़क हादसे में दो ग्रामीणों की मौत

कोरबा जिले के मोंगरा थाना क्षेत्र में जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आधी रात तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में रात के समय अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।

पिकनिक से लौट रहे युवकों की ऑटो पलटी

बालको थाना क्षेत्र के अगजरबहार के पास तेज रफ्तार ऑटो पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। कई अन्य घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि खरमोरा के 10 युवक झोरघाट पिकनिक मनाने गए थे। लौटते समय ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर मौत हो गई।

फैक्ट्री में महिला मजदूर की दर्दनाक मौत

कोरबा की प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में 26 वर्षीय बिछनी बाई मशीन की चपेट में आ गई। मशीन साफ करते समय लीवर अचानक नीचे गिर गया और महिला दब गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में फैक्ट्री प्रबंधन ने 75 हजार रुपये तत्काल सहायता, बच्चे के नाम 2 लाख की एफडी और नौकरी देने पर सहमति दी।

ट्रेन की चपेट में आया ग्रामीण

रायपुर के अभनपुर में रायपुर-राजिम ट्रेन की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। शव के पास उसकी बाइक भी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत

सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में सिंदरी नाले के पास ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर रेत लेने जा रहा था।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *