मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरे ट्रक और कंटेनर में जोरदार भिड़ंत, 11 लोगों की मौत; कई घायल


पालघर।

महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर बारातियों से भरे एक ट्रक और तेज रफ्तार टेम्पो कंटेनर के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्सीडेंट में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लाशें बिछ गईं।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा धानीवरी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक में 100 से ज्यादा बाराती सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पूरा परिवार और रिश्तेदार जश्न के माहौल में डूबे हुए थे, तभी अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। पल भर में शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।

मौके पर मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोग आए आगे

हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और भारी जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक के मलबे में फंसे घायलों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया।

मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत पास के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से कुछ की स्थिति बेहद गंभीर है, जिससे मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *