68 वर्षीय महिला का करोड़ो की जमीन हड़पने का आरोप, देखें वीडियो

अंबिकापुर में 5 करोड़ की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री: 24 डिसमिल का सौदा कर हड़प ली 3 एकड़ भूमि, 6 पर आरोप

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से जालसाजी और भू-माफिया के दुस्साहस का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की तीन एकड़ से अधिक की पुश्तैनी जमीन को फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने इस महाघोटाले की शिकायत सरगुजा कलेक्टर से करते हुए न्याय और अपनी जमीन वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

पूरा मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकला महुआ टिकरा का है। भिट्ठीकला निवासी 68 वर्षीय पीड़िता सावित्री यादव ने बताया कि भिट्ठीकलां गांव के ही डोमनराम राजवाड़े नामक व्यक्ति ने दलाली करते हुए उसकी जमीन का सौदा तय कराया था। सौदा सिर्फ 24 डिसमिल जमीन को 72 लाख रुपये में बेचने का हुआ था। लेकिन आरोपियों ने राजस्व विभाग के दस्तावेजों में बड़ी हेराफेरी की और एक सोची-समझी साजिश के तहत पूरी 3.17 एकड़ जमीन का फर्जी विक्रय पत्र (रजिस्ट्री) तैयार करवा लिया।

पीड़िता सावित्री यादव का दावा है कि जिस पूरी 3.17 एकड़ जमीन की चुपके से रजिस्ट्री करा ली गई है, उसकी वास्तविक बाजार कीमत 5 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। बुजुर्ग महिला को इस पूरी धोखाधड़ी और कूटकरण (फॉर्जरी) की भनक तक नहीं लगने दी गई।

कलेक्टर को सौंपी गई लिखित शिकायत में इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है। शिकायत में रायपुर निवासी पुष्पा अग्रवाल, अनिल अग्रवाल और दलाल डोमनराम राजवाड़े समेत कुल 6 लोगों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर इस जालसाजी को अंजाम दिया। फिलहाल इस हाईप्रोफाइल धोखाधड़ी की शिकायत के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *