राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। खनिज विभाग की टीम ने सरपंच ग्राम पंचायत भंवरमारा, वार्ड क्रमांक 51 हरदी के पार्षद तथा ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी तट पर अवैध रूप से भंडारित 54 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत को पुनः शिवनाथ नदी में डाल दिया है। इस कार्रवाई से ऑक्सीजोन का प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरणीय संतुलन संरक्षित किया गया है।
ज्ञातव्य है कि खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित रेत के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं एक लोडर वाहन को जप्त किया गया था। जांच में पाया गया था कि भंवरमारा निवासी अविनाश सोनी द्वारा ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी से खनिज रेत का अवैध उत्खनन कर वहां अवैध भंडारण किया गया था।
नदी के स्वरूप और पर्यावरण को बचाने के लिए आज इस अवैध भंडारित लगभग 54 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत को वापस नदी की मुख्य धारा में मिला दिया गया, ताकि ऑक्सीजोन का प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यावरणीय संतुलन बरकरार रखा जा सके। जिला प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इसके साथ ही अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: के एस ठाकुर