अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा : डायल 112 की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे, डिप्टी सीएम बोले- अब हर जिले में मिलेगी सुरक्षा

रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अब तक राज्य के केवल 16 जिलों में मिलने वाली ‘डायल 112’ की आपातकालीन सेवा का विस्तार अब पूरे प्रदेश में होने जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को रायपुर के पुलिस लाइन मैदान से डायल 112 की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके तहत राज्य के सभी 33 जिलों को सर्वसुविधा युक्त गाड़ियां मिलेंगी। इसके साथ ही प्रदेश को एक नई फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की सौगात भी मिलने जा रही है।

18 मई को बस्तर का दौरा करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गृहमंत्री के बस्तर दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि अमित शाह 18 मई को बस्तर में कई अहम कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। इस दौरान वे नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में देश को समर्पित करेंगे। अब सुरक्षा कैंपों के आसपास के ग्रामीणों के लिए अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी शुरू की जा रही हैं। दौरे के समय राज्य के मुख्य सचिव बस्तर में चल रहे विकास कार्यों पर केंद्रीय गृहमंत्री के सामने एक विस्तृत प्रेजेंटेशन भी देंगे।

दौरे के दौरान गृहमंत्री अमित शाह नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिवारों, प्रभावित नागरिकों और नक्सल उन्मूलन की दिशा में काम कर रहे विभिन्न संगठनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद, 19 मई को वे ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर बस्तर में होने वाले नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।

भूपेश बघेल के IPL वाले बयान पर डिप्टी सीएम का रुख

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ईंधन बचाने के लिए आईपीएल बंद करने की सलाह पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सधा हुआ बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल जो भी कह रहे हैं, यदि वे सकारात्मक सोच के साथ सलाह दे रहे हैं तो उनकी बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशहित की सोच और भूपेश बघेल की सोच एक जैसी हो रही है, तो यह अच्छी बात है और उन्हें एक बार यह बात प्रधानमंत्री तक जरूर पहुंचानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *