रायपुर के लालपुर फल मंडी में छापा: एक्शन में फूड सेफ्टी विभाग, सड़े-गले 40 किलो फल कराए नष्ट, 5 सैंपल जांच के लिए भेजे

Raipur Lalpur Fruit Market Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मिलावटी और खराब खाने-पीने की चीजों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में विभाग की एक विशेष टीम ने शुक्रवार को लालपुर स्थित थोक (होलसेल) फल मार्केट में अचानक दबिश दी। इस औचक निरीक्षण से पूरी मंडी के फल व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर कड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 किलोग्राम सड़े-गले फल नष्ट करवाए।

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने संभाला मोर्चा यह पूरी कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के कड़े निर्देशों के बाद की गई है। फूड सेफ्टी अधिकारियों की टीम जब सुबह-सुबह लालपुर मंडी पहुंची, तो वहां कई दुकानों पर फलों के रखरखाव में बड़ी लापरवाही देखने को मिली। टीम ने एक-एक कर कई बड़े आढ़तियों और व्यापारियों के यहां फलों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की बारीकी से जांच की।

राज्य प्रयोगशाला भेजे गए आम और तरबूज के सैंपल बाजार में बिक रहे फलों की शुद्धता जांचने के लिए टीम ने मौके से अलग-अलग फलों के कुल 5 सैंपल (नमूने) जब्त किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा बिकने वाले तरबूज के 2 सैंपल, अनार का 1 सैंपल, आम का 1 सैंपल और मौसंबी का 1 सैंपल शामिल है। इन सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला (स्टेट फूड लैब) भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की जनता से अपील: सतर्क रहें, तुरंत दें सूचना निरीक्षण के दौरान अफसरों को मंडी परिसर में भारी मात्रा में खराब और बदबूदार फल मिले। अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए लगभग 40 किलो सड़े-गले फलों को तुरंत कचरे में फिंकवाकर नष्ट कराया, ताकि इन्हें बाजार में खपाया न जा सके। इसके साथ ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर के नागरिकों से भी अपील की है कि वे बाजार से फल या कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय पूरी सतर्कता बरतें। अगर कहीं भी मिलावट या सड़ी-गली चीजें बेचे जाने की आशंका हो, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *