अंबिकापुर में गजब की चोरी: तीसरी बार निशाना बना कांग्रेस का ‘राजीव भवन’, 73 नल की टोटियां ले उड़े चोर, फर्श पर लिखा- ‘I Love Ambikapur’

Ambikapur Congress Office Theft: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से चोरी का एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अंबिकापुर शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके घड़ी चौक पर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय (राजीव भवन) को चोरों ने निशाना बनाया है। इस बार चोर दफ्तर के भीतर से कोई कीमती दस्तावेज या तिजोरी नहीं, बल्कि वाशरूम में लगी नल की टोटियां उखाड़ ले गए। चोरों ने दफ्तर के अंदर जमकर उत्पात भी मचाया, जिससे पार्टी को करीब एक लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

बाथरूम में तोड़फोड़, जाते-जाते फर्श पर लिखा ‘आई लव अंबिकापुर’ जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की रात को हुई। अज्ञात चोरों ने राजीव भवन के भीतर घुसकर सभी वाशरूम की लगभग 73 नग नल की टोटियां चोरी कर लीं। सिर्फ चोरी ही नहीं, चोरों ने वहां जमकर तोड़फोड़ भी की। वाश बेसिन, फ्लश और पाइप लाइन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने दफ्तर से भागने से पहले फर्श पर अंग्रेजी में ‘I Love Ambikapur’ लिख दिया। शनिवार सुबह जब दफ्तर खुला और कार्यकर्ताओं ने यह नजारा देखा, तो पूरे शहर में हड़कंप मच गया।

दिया तले अंधेरा! कलेक्टर-SP दफ्तर के पास ही हो गई वारदात कांग्रेस कार्यालय में पिछले दो साल के भीतर चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना है। शहर के बीचों-बीच स्थित इस दफ्तर के बेहद नजदीक कलेक्टर ऑफिस, एसपी ऑफिस, जिला न्यायालय और यातायात पुलिस की चौकी भी मौजूद है। इतनी हाई-प्रोफाइल सुरक्षा वाले इलाके में हुई इस चोरी ने पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिलाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक पार्टी पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा, “शहर के सबसे वीआईपी इलाके में तीसरी बार चोरी होना यह साफ दिखाता है कि जिले में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से चरमरा गया है। आने वाले दिनों में यहाँ सेवादल का बड़ा प्रशिक्षण शिविर होना था, लेकिन इस हरकत से हमें बड़ा नुकसान हुआ है।” फिलहाल कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *