कोरिया प्रदेश सरकार जहां सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का दावा कर रही है, वहीं कोरिया जिले के वनांचल क्षेत्र उज्ञाव में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में जिम्मेदार अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) विभाग के एसडीओ समेत तीन कर्मचारी शिविर के दौरान मोबाइल पर लूडो खेलते कैमरे में कैद हुए।
8 मई को आयोजित इस समाधान शिविर में जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित उज्ञाव गांव के ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। शासन का उद्देश्य था कि दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को 30 से 60 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला मुख्यालय न जाना पड़े और उनकी शिकायतों का समाधान गांव में ही हो सके।
लेकिन शिविर के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने के बजाय मोबाइल पर लूडो खेलने में व्यस्त रहे। जैसे ही उन्हें कैमरे की भनक लगी, उन्होंने मोबाइल स्क्रीन को डायरी से ढंक दिया और धीरे-धीरे वहां से हटने लगे।
एक ओर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
शिविर में जिम्मेदार अधिकारियों की इस कार्यशैली से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। अब सवाल उठ रहा है कि क्या ऐसे अधिकारियों पर प्रशासन कोई कार्रवाई करेगा या मामला केवल चर्चा तक ही सीमित रह जाएगा।