रायपुर.
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर इंजीनियरों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और जगदलपुर सहित कई निकायों के कार्यपालन और सहायक अभियंताओं की जिम्मेदारी बदली गई है।

तबादला सूची के अनुसार रायपुर नगर निगम के कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह अब बिलासपुर में सेवाएं देंगे। दिनेश नेताम को कवर्धा से हटाकर संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग भेजा गया है। सहायक अभियंताओं में बृजेश श्रीवास्तव और ललित कुमार त्रिवेदी को बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
दुर्ग क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं, जिसके तहत सी.बी. परगनिहा को धमतरी, हेमन्त कुमार साहू को नगर निगम दुर्ग और चन्द्रशेखर सारथी को चांपा स्थानांतरित किया गया है। नवा रायपुर में पदस्थ गगन वासन अब जगदलपुर नगर निगम में सहायक अभियंता के रूप में पदस्थ होंगे। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए रिसाली नगर निगम के कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे को क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।