प्रतापपुर। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से थाना प्रतापपुर एवं थाना चंदोरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 06 मई 2026 एवं 07 मई 2026 को विगत दो दिनों के दौरान संयुक्त रूप से बॉक्साइट परिवहन में लगे 7 ट्रकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान कई ट्रकों में दस्तावेज संबंधी कमी, निर्धारित नियमों का उल्लंघन तथा नो एंट्री समय में मुख्य मार्ग से आवागमन जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि प्रतापपुर मुख्य नगर मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से नो एंट्री समय में बड़े वाहनों के प्रवेश से बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सख्ती बढ़ाई गई है।
थाना प्रतापपुर एवं थाना चंदोरा पुलिस ने संयुक्त रूप से मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर भारी वाहनों की जांच की। इस दौरान बॉक्साइट से लोडेड ट्रकों के दस्तावेज, परमिट एवं समय सीमा का निरीक्षण किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नो एंट्री समय में नगर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्ट संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्य बाजार एवं नगर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होने से आम जनता को राहत मिलेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
प्रतापपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो दिनों में 7 बॉक्साइट लोडेड ट्रकों से हजारों रुपये जुर्माना वसूला

08
May