नदी में समाई तेज रफ्तार कार, शादी की खुशियां मातम में बदलीं; हादसे में 4 दोस्तों की मौत, 2 गंभीर

Kawardha Road Accident : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास बीती रात एक अनियंत्रित कार फोक नदी के पुल से नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव इलाके के रहने वाले 6 दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होने पंडरिया आए थे। रात में वापस लौटते समय गड़ई गांव के पास उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे युवकों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की जान चली गई। वहीं, जुनैद रज़ा और आरज़ू खान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *