परिवार परामर्श केंद्र सामाजिक समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका..अभिजीत सिंह

रमेश गुप्ता भिलाई । पारिवारिक विवादों के समाधान को लेकर संचालित सेवाओं की प्रभावशीलता का आकलन करने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महिला थाना, दुर्ग स्थित परिवार परामर्श केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल काउंसलिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया, बल्कि स्वयं इसमें भाग लेकर संबंधित पक्षों को परामर्श भी दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में पदस्थ काउंसलरों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके कार्य अनुभव, काउंसलिंग के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पारिवारिक विवादों के निराकरण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया।


रविवार को आयोजित पुरुष पक्ष की शिकायतों से संबंधित काउंसलिंग सत्र में कलेक्टर की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से विवाद सुलझाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने काउंसलिंग प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर समझते हुए इसे और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
व्यवस्था सुधार पर जोर
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परिवार परामर्श केंद्र सामाजिक समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यहां की कार्यप्रणाली को और अधिक संवेदनशील, त्वरित और प्रभावी बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।


स्टाफ की सराहना
कार्यक्रम के सफल संचालन में महिला थाना, दुर्ग के काउंसलरों और स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *