रायपुर। छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। नाइजीरिया से कोकीन की सप्लाई बीपी मशीन के बॉक्स में छिपाकर रायपुर भेजी जा रही थी। पुलिस ने 2 मई को दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है।
आरोपियों के पास से 9.70 लाख रुपए नकद, 5 आईफोन, 3 चेकबुक समेत करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है। जांच में सामने आया कि यह गिरोह नाइजीरिया से ऑपरेट होकर देश के अलग-अलग राज्यों में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था।
मामले का खुलासा 19 मार्च को हुआ था, जब देवेंद्र नगर इलाके में एक आरोपी को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के जरिए भेजा जाता था, ताकि शक न हो।
इनपुट के आधार पर रायपुर पुलिस ने दिल्ली के तिलक नगर में दबिश देकर भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की बात कबूली।
जांच में यह भी सामने आया कि नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ इस पूरे सिंडिकेट को चला रहा था, जबकि सन्नी शर्मा बैंक खातों के जरिए पैसों का लेन-देन करता था।
पुलिस के मुताबिक 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पिछले 6 महीनों में करीब 2 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन सामने आया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को तोड़ा गया है।