परिणाम नहीं, प्रयास तय करता है भविष्य-कलेक्टर चंदन त्रिपाठी

बोर्ड रिजल्ट के बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को दिया सकारात्मक संदेश

कोरिया, 30 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद कोरिया कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी चंदन त्रिपाठी ने जिले के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को प्रेरणादायक संदेश दिया है।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से जो उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किया है, वह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ विद्यार्थियों का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप रहा होगा, जबकि कुछ को निराशा भी हाथ लगी होगी, लेकिन परीक्षा का परिणाम जीवन की दिशा तय नहीं करता, बल्कि आगे बेहतर करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की। वहीं शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा दें। कलेक्टर ने कहा कि हर बच्चे में विशेष क्षमता, प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर कला, संस्कृति, साहित्य, खेल और विज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाया जा सकता है।

कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि वे कभी निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर दोगुनी मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करें। त्रिपाठी ने कहा कि परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम निर्णय नहीं होता, बल्कि यह हमें मजबूत बनाता है और आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों से कहा समय पर भोजन करें, नींद लें, खूब खेलें, व्यायाम, योगाभ्यास को दैनिक जीवन मे शामिल करें, अच्छी संगीत सुने, खूब पुस्तक पढ़े, अखबार पढ़ें और मोबाइल का उपयोग कम करें।

साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे कोई भी ऐसा कदम न उठाएं जो स्वयं, परिवार या समाज के लिए हानिकारक हो, बल्कि धैर्य और संयम के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें।

स./मानिकपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *