Manva Police Manva Naate : बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए एक विशेष पहल की गई। ग्राम चिंगेर में “मनवा पुलिस मनवा नाटे” अभियान के तहत जन-संवाद और चलित थाना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए, जहां पुलिस अधिकारियों ने उनके बीच बैठकर सीधे बातचीत की और उनकी स्थानीय समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।

संदिग्ध गतिविधियों और अफवाहों से बचने की सलाह संवाद के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि यदि गांव या आसपास के जंगलों में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके साथ ही, सोशल मीडिया और ग्रामीण अंचलों में फैलने वाली ‘बच्चा चोरी’ जैसी अफवाहों से सावधान रहने को कहा गया। अधिकारियों ने जोर दिया कि किसी भी अपुष्ट खबर पर बिना सोचे-समझे विश्वास न करें और कानून को हाथ में न लें।
यातायात और साइबर सुरक्षा का पाठ चलित थाने में केवल अपराध की बातें नहीं हुई, बल्कि ग्रामीणों को आधुनिक खतरों से भी आगाह किया गया। पुलिस ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। साथ ही, यातायात नियमों की जानकारी देते हुए ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन बीमा के महत्व को समझाया।

सामुदायिक पुलिसिंग: बच्चों और बुजुर्गों को बांटी सामग्री विश्वास बहाली के इस कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने दरियादिली दिखाते हुए ग्रामीणों और बच्चों को जरूरत का सामान वितरित किया। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बच्चों को खेल सामग्री, कॉपी-पेन और चॉकलेट दिए गए, वहीं बड़ों को कपड़े और अन्य उपयोगी वस्तुएं भेंट की गईं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाली और पुलिस-प्रशासन के प्रति ग्रामीणों का भरोसा मजबूत करना है।