रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के हालातों को देखते हुए स्कूली बच्चों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य शासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीखों में संशोधन करते हुए अब 20 अप्रैल से ही स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य पर गर्मी के प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, पूर्व में सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त शालाओं में ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से 15 जून 2026 तक निर्धारित था। हालांकि, वर्तमान में प्रदेश के कई हिस्सों में पारा तेजी से बढ़ने और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए अवकाश की अवधि बढ़ा दी गई है। अब प्रदेश की समस्त निजी और सरकारी स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह ग्रीष्मकालीन अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए प्रभावी होगा। स्कूल के शिक्षकों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, उन्हें पूर्व की भांति निर्धारित कार्यों का संपादन करना होगा। शासन के इस फैसले से लाखों स्कूली बच्चों को चिलचिलाती धूप और लू से राहत मिलेगी।