एमपी बोर्ड रिजल्ट 2026: 10वीं में प्रतिभा सोलंकी और 12वीं में खुशी व चांदनी ने किया टॉप, बीते 16 वर्षों का टूटा रिकॉर्ड

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने औपचारिक रूप से नतीजे जारी किए, जो बीते 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहे हैं। 10वीं कक्षा में पन्ना जिले की प्रतिभा सोलंकी ने 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, 12वीं कक्षा में कॉमर्स संकाय की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा 494 अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉपर रही हैं।

छात्राओं ने फिर लहराया परचम

इस वर्ष की मेरिट लिस्ट में कुल 221 विद्यार्थियों को स्थान मिला है, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं। 12वीं के विभिन्न संकायों में भी छात्राओं का दबदबा रहा। आर्ट्स ग्रुप में मुरैना की श्रुति तोमर और छतरपुर के आकाश अहिरवार 489 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे। गणित में सीहोर के श्लोक प्रजापति ने 493 अंकों के साथ टॉप किया। कृषि संकाय में शिवपुरी की तुलसी राजावत और चंचल कुशवाह ने 493 अंक प्राप्त किए, जबकि होम साइंस में छतरपुर की शाइस्ताह कुरैशी 485 अंकों के साथ प्रथम रहीं। जीव विज्ञान में इंदौर की तन्वी कुमावत 492 अंकों के साथ अव्वल रहीं।

परीक्षा परिणाम के मुख्य आंकड़े

इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 6,89,746 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। नियमित परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.01 रहा, जबकि निजी परीक्षार्थियों का प्रतिशत 30.60 दर्ज किया गया। सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर रहा, जहाँ सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 80.43 और निजी स्कूलों का 69.6 रहा। जिलों में झाबुआ 93.23 प्रतिशत के साथ प्रदेश में पहले और अनूपपुर 93.04 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

अब पूरक की जगह मिलेगा ‘दूसरा अवसर’

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इस बार से पूरक परीक्षा के स्थान पर ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अपने अंकों में सुधार चाहने वाले विद्यार्थी 7 मई 2026 से आयोजित होने वाली इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इस वर्ष किसी भी छात्र का परीक्षाफल पूरक घोषित नहीं किया गया है।

ऐसे देखें अपना परिणाम

वेबसाइट क्रैश होने की स्थिति में छात्र कई विकल्पों के माध्यम से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in या mpresults.nic.in पर रोल नंबर दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल पर एसएमएस के जरिए रिजल्ट पाने के लिए MPBSE10 या MPBSE12 के साथ अपना रोल नंबर लिखकर 56263 पर भेजना होगा। विद्यार्थी डिजिलॉकर और एमपी मोबाइल एप का उपयोग भी कर सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *