ऑपरेशन तलाश” में दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 13 दिनों में 192 गुमशुदा बरामद, परिजनों के चेहरे खिले

तकनीक और टीमवर्क के दम पर मिली सफलता, बच्चों से लेकर महिलाओं तक सभी को सुरक्षित ढूंढ निकाला

रमेश गुप्ता दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए महज 13 दिनों में 192 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद कर एक मिसाल पेश की है। एडिशनल एसपी (ग्रामीण) एवं पुलिस प्रवक्ता मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 1 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता ने सैकड़ों परिवारों को राहत दी है।
अभियान के दौरान बरामद किए गए लोगों में 5 बालक, 9 बालिकाएं, 127 महिलाएं और 51 पुरुष शामिल हैं। इन सभी को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा गया, जिससे परिवारों में खुशी और सुकून का माहौल देखने को मिला।
पुलिस ने इस सफलता के पीछे आधुनिक तकनीक और मजबूत समन्वय को अहम बताया है। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुमशुदा लोगों की सटीक जानकारी जुटाई गई। वहीं, जरूरत पड़ने पर अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल बनाकर त्वरित कार्रवाई की गई।
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, तकनीकी टीम और पेट्रोलिंग स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। लगातार निगरानी और टीमवर्क के चलते हर मामले में तेजी से प्रगति हुई, जिससे अभियान को बड़ी सफलता मिली।
………………………………

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सजग रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि पुलिस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई कर सके।
उल्लेखनीय है कि “ऑपरेशन तलाश” ने यह साबित कर दिया है कि यदि पुलिस सतर्कता, तकनीक और समन्वय के साथ काम करे, तो जटिल से जटिल मामलों में भी सफलता संभव है। दुर्ग पुलिस की यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *