शादी से पहले प्रेमिका की गला रेतकर हत्या, फिर प्रेमी ने फांसी लगाकर दी जान

Niwari Crime News : निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक सिरफिरे आशिक ने पहले अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतारा और फिर खुद भी खुदकुशी कर ली। यह दिल दहला देने वाली घटना सेंदरी थाना क्षेत्र के यूपी-एमपी बॉर्डर पर स्थित पूछा की पहाड़ी ठिमरपुरा की है। दोनों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका वर्षा केवट (20 वर्ष) शनिवार सुबह से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि वर्षा की जल्द ही कहीं और शादी होने वाली थी, जो शायद आरोपी प्रेमी हरेंद्र केवट (24 वर्ष) को मंजूर नहीं था। रविवार शाम को दोनों के शव जंगल में मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरेंद्र ने पहले धारदार हथियार से वर्षा का गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या की और फिर करीब 100 मीटर की दूरी पर जाकर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को अंदेशा है कि प्रेम प्रसंग और शादी तय होने की रंजिश के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड्स और आपसी बातचीत के जरिए हत्या और आत्महत्या की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *