विधायक एवं ब्लाक अध्यक्ष के ऊपर लगाए गए आरोप निराधार- मनदीप कौर ढींडसा

भानुप्रतापपुर में सियासी घमासान तेज: विधायक पर लगे आरोपों पर पार्षद का पलटवार
भानुप्रतापपुर। नगर पंचायत भानुप्रतापपुर की पार्षद मनदीप कौर ढींडसा ने विधायक सावित्री मांडावी और ब्लॉक अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पार्षद ढींडसा ने कहा कि पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्ज्वल दीवान द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस प्रदर्शन को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने बताया कि उक्त प्रदर्शन दुर्गूकोंदल क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे और सभी ने सभा को संबोधित भी किया था। इसके बावजूद सीधे विधायक पर आरोप लगाना एकतरफा और गलत है।
पार्षद ने उज्ज्वल दीवान की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस प्रकार के आरोप उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला विधायक के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक बयानबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चेतावनी भी दी गई
ढींडसा ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस तरह के निराधार आरोप और बयानबाजी आगे भी जारी रही, तो इसका कड़ा और पुरजोर जवाब दिया जाएगा।
इस पूरे मामले ने भानुप्रतापपुर की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *