रमेश गुप्ता भिलाई। नेहरू नगर स्थित योगा गार्डन में हनुमान जी की प्रतिमा हटाए जाने को लेकर शुक्रवार को शहर का माहौल गरमा गया। इस मुद्दे पर आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने निगम आयुक्त, जोन आयुक्त और महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। घेराव के दौरान निगम परिसर पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया, जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

जानकारी के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव से एक दिन पहले रातों-रात योगा गार्डन में हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। अगले ही दिन निगम की टीम ने इसे अवैध कब्जा मानते हुए हटाने की कार्रवाई की।
इसी कार्रवाई को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई। उनका आरोप है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए निगम प्रशासन ने बिना उचित संवाद के प्रतिमा हटाई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करना अवैध है और नियमानुसार कार्रवाई की गई है।