मुंबई। एअर इंडिया की एक उड़ान के दौरान उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब विमान के एक इंजन ने बीच आसमान में काम करना बंद कर दिया। मुंबई से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2812 के साथ हुई इस तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल का पालन किया और उड़ान भरने के महज 20 मिनट के भीतर विमान को वापस मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।
घटना गुरुवार तड़के की है, जब एअरबस A320 Neo विमान ने मुंबई से प्रस्थान किया था। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, टेकऑफ के वक्त ही विमान से असामान्य आवाजें सुनाई दी थीं और कुछ चिंगारियां भी देखी गई थीं। हवा में पहुंचते ही जब एक इंजन पूरी तरह ठप हो गया, तब पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ‘PAN PAN’ कॉल दी। विमानन भाषा में इस कॉल का अर्थ ऐसी गंभीर स्थिति से होता है जिसमें तत्काल सहायता की आवश्यकता होती है, हालांकि यह जानलेवा ‘मेडे’ (MAYDAY) कॉल से एक स्तर नीचे मानी जाती है।
विमान में सवार यात्रियों ने बताया कि इंजन बंद होने की जानकारी मिलते ही केबिन में डर का माहौल व्याप्त हो गया था। हालांकि, पायलटों की सूझबूझ से विमान को प्राथमिकता के आधार पर लैंड कराया गया। एअर इंडिया के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुबह करीब 4:45 बजे दूसरी वैकल्पिक फ्लाइट से बेंगलुरु भेजा गया।
हाल के दिनों में विमानन क्षेत्र में तकनीकी खराबी की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में प्रभावित विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इंजन फेल होने के सटीक कारणों की गहन जांच कर रही है।