सीआरपीएफ 85वीं बटालियन ने मनाया शौर्य दिवस, वीरों की शहादत को किया नमन

बीजापुर। नयापारा स्थित 85वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में 09 अप्रैल को शौर्य दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। यह दिवस बल के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति को समर्पित रहा।
शौर्य दिवस 09 अप्रैल 1965 की उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है, जब कच्छ के रण में सरदार पोस्ट पर सीआरपीएफ की एक छोटी टुकड़ी ने पाकिस्तानी सेना के बड़े हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए अद्वितीय वीरता का परिचय दिया था।
इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों को नमन करते हुए देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी श्री पवन कुमार एवं श्री सुरेश ओराम सहित सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। इसके बाद आयोजित सैनिक सम्मेलन में अधिकारियों ने जवानों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में जवानों के उत्साहवर्धन हेतु वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं रात्रि में ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जिससे आपसी भाईचारा और उत्साह का माहौल बना रहा।
द्वितीय कमान अधिकारी श्री पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सीआरपीएफ के जवान हर परिस्थिति में देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, चाहे वह नक्सल विरोधी अभियान हो या अन्य जिम्मेदारियां।
शौर्य दिवस का यह आयोजन बल के प्रत्येक सदस्य को राष्ट्र सेवा के प्रति और अधिक समर्पण, साहस और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *