Best books of 2023 साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन
Best books of 2023 भाटापारा। नगर के 2 साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन सिटी माॅल हर्षद रेस्टोरेंट भाटापारा में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवरतन शर्मा विधायक भाटापारा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बलदेव भारती वरिष्ठ साहित्यकार भाटापारा ने की । विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार रामेश्वर शर्मा रायपुर, डॉक्टर सुधीर शर्मा वरिष्ठ साहित्यकार रायपुर,रविंद्र गिन्नौरे, वरिष्ठ साहित्यकार एवं समीक्षक भाटापारा एवं श्रीमती रश्मिलता मिश्रा वरिष्ठ साहित्यकार बिलासपुर से उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने मांँ शारदे की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम आरंभ किया। सरस्वती वंदना इन्द्राणी साहू सांँची ने की। अगली कड़ी में डॉक्टर सीमा अवस्थी के काव्य संग्रह “भावना के रंग भाषा के संग” का विमोचन हुआ।
इस काव्य संग्रह पर सौरभ शुक्ला,रायपुर ने अपने विचार रखते हुए काव्य संग्रह की प्रशन्सा की। तदुपरांत चंद्रकिरण शर्मा के मुक्तक संग्रह “प्रीत के विहग” का विमोचन अतिथियों ने किया। इस मुक्तक संग्रह पर चर्चा करते हुए अजय अमृतांशु ने अपने सारगर्भित विचार रखे और पुस्तक की सराहना की । रामेश्वर शर्माजी ,सुधीर शर्मा ने भी मुक्तक संग्रह पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में रायपुर से साहित्यकारों का उत्साहवर्धन करने अनिता झा, प्रीति मिश्रा,सीमा निगम, भारती यादव, ज्योति परमाले, विजया ठाकुर, डॉ. रत्ना पाण्डेय,कुबेर यदु, समाजसेवी सुरेश मिश्रा पंकज शुक्ला उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि शिवरतन शर्मा ने कहा कि देश के भविष्य के निर्माण में साहित्य की अहम भूमिका होती है। उत्कृष्ट साहित्य के लेखन के लिए मैं दोनों लेखिकाओं को हार्दिक बधाई देता हूंँ। उन्होंने भाटापारा में साहित्यिक गतिविधियों के संचालन हेतु साहित्यिक भवन की घोषणा की। कार्यक्रम के अध्यक्ष बलदेव भारती ने अपने मुक्तकों से महफिल में समा बांँधा। अतिथि साहित्यकारों ने दोनों किताबों की सराहना करते हुए लेखिका द्वय को बधाई एवं शुभकामनाएंँ दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन अजय अमृतांशु ने एवं आभार कन्हैया साहू अमित ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सभागार में उपस्थित साहित्यकारों ने काव्य पाठ भी किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में डॉ राजेश अवस्थी, प्रदीप शर्मा, नरेन्द्र वर्मा शैलेश मिश्रा,निवेदिता वर्मा,वंदना गोपाल शर्मा शैली, खुश्बु शर्मा,कन्हैया लाल श्रीवास, हेमन्त दास अगम के साथ साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे ।