रमेश गुप्ता भिलाई । सूने मकान में हुई संगठित चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में अमलेश्वर पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन सहित कुल 8 लाख 22 हजार 480 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। साथ ही चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 25 से 29 जनवरी 2026 के बीच घर से बाहर था। लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा और अंदर का ताला टूटा हुआ मिला तथा आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर उर्फ नानू यादव के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया, जबकि चोरी के जेवरातों को बेचने के लिए तीसरे आरोपी तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू को दिया गया था। आरोपियों ने चोरी की रकम का उपयोग व्यक्तिगत खर्च और वाहन खरीदने में किया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नगदी 6,480 रुपये, स्कूटी, मोटरसाइकिल एवं विभिन्न मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से सूने मकानों को अपना निशाना बनाया था।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में अमलेश्वर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अहम भूमिका निभाई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के समन्वय से आरोपियों को पकड़ने और चोरी की संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की।
अमलेश्वर पुलिस की बड़ी सफलता: सूने मकान में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 8.22 लाख की संपत्ति बरामद..

08
Apr