जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां सड़क किनारे खड़े पानी टैंकर से टकराने के कारण एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर पंडरीपानी के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडरीपानी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए पानी का टैंकर सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा बाइक सवार युवक एक तीखे मोड़ के पास खड़े टैंकर को नहीं देख सका और उससे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा सीधे टैंकर के नीचे जा घुसा।
इस दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। पत्थलगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय टैंकर खड़ा करने में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।