रमेश गुप्ता दुर्ग। थाना मोहन नगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के माध्यम से देशभर में होने वाली साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने में संलिप्त थे। पुलिस जांच में लगभग 86,33,247 रुपये के अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। थाना मोहन नगर क्षेत्र स्थित कर्नाटक बैंक, स्टेशन रोड, दुर्ग शाखा में संचालित 111 बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में पाया गया कि इन खातों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।
इस मामले में अपराध क्रमांक 07/2025 के तहत धारा 317(2), 317(4), 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान खाताधारकों की पहचान कर 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को 30 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
आर्थिक लाभ के लिए देते थे खाते
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लालच में अपने बैंक खातों को साइबर ठगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग अवैध धन के लेन-देन में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी
मधु साहू (45), ज्योति गौतम (28), फरहद खान (56), भूपेश गोहिल (51), अजय कुमार उर्फ मोनू (29), मसीर आलम (27), नवीन भागवत (24), भूपेंद्र कुमार टंडन (36), संतोष बिसाई (28) एवं हीरा सिंह (55) शामिल हैं।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के पास से संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज, मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार, 86 लाख से अधिक का अवैध लेन-देन उजागर

30
Mar